पीएम श्री क.शा.उ.मा.वि. कैलाश नगर में उत्साहपूर्वक मनाया गया ‘उमंग दिवस’
========================================================
पीएम श्री कन्या शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलाश नगर में गत दिवस ‘उमंग दिवस’ का आयोजन उमंग प्रभारी श्रीमती मीना नागवंशी द्वारा गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्काउट एंड गाइड अध्यक्ष श्री विनोद तिवारी एवं विशेष अतिथि के रूप में ‘वुमेन भास्कर’ की वरिष्ठ पत्रकार सुश्री कोशिमा विश्वकर्मा उपस्थित थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
उमंग दिवस की श्रृंखला में छात्राओं ने सामाजिक चेतना और बाल अधिकार विषय पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक एवं ‘बाल विवाह उन्मूलन एवं जागरूकता’ पर आधारित नाटक ने उपस्थित लोगों को भावविभोर करने के साथ-साथ गंभीरता से सोचने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विनोद तिवारी ने छात्राओं को अनुशासन, सेवा भावना और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि सुश्री कोशिमा विश्वकर्मा ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के महत्व को समझने और समाज में अपनी सशक्त पहचान बनाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य ने अध्यक्षीय उद्बोधन में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं को सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और आशीर्वचन प्रदान किए। कार्यक्रम का सफल एवं मंच-कुशल संचालन शिक्षिका श्रीमती बबीता सोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।
#उमंग_दिवस
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh