कामरेड शिवचंद्र सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा आयोजित
मटिहानी : भाकपा मटिहानी अंचल परिषद के बैनर तले महेंद्रपुर शाखा के दिवंगत नेता कामरेड शिवचंद्र सिंह की स्मृति में उनके निवास स्थान पर श्रद्धांजलि सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत कामरेड चांदसी पंडित द्वारा प्रस्तुत जनवादी गीतों से हुई। इसके बाद कामरेड घनश्याम सिंह ने झंडोत्तोलन किया। इस दौरान 'कामरेड शिवचंद्र अमर रहें' और 'उनके अरमानों को मंजिल तक पहुंचाएंगे' जैसे नारे लगाए गए। सभा की अध्यक्षता कामरेड राम इकबाल सिंह ने की, जबकि संचालन कामरेड प्रेम सिंह ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता पूर्व विधायक राजेंद्र राजन ने कामरेड शिवचंद्र सिंह के संघर्षशील जीवन, जनसेवा के प्रति समर्पण और जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कराने के लिए उनके आंदोलनात्मक संघर्षों की चर्चा की। उन्होंने युवाओं से उनके संघर्ष और विचारधारा से प्रेरणा लेकर जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला सचिव मंडल सदस्य प्रताप नारायण सिंह, अंचल प्रभारी राजकिशोर सिंह, किसान नेता अशोक सिंह, अनिल कुमार अंजान, अंचल मंत्री रामाधार कुमार, कामरेड अंजनी सिंह, राम प्रकाश राय सहित अन्य वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
सभा के अंत में दिवंगत नेता के पुत्र श्रवण कुमार ने उपस्थित सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे जीवनभर अपने पिता के कर्मों और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
Begusarai, Begusarai | Nov 9, 2026