दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई,
==
दमोह में मिठाई दुकानों का किया गया औचक निरीक्षण
==
₹49 हजार मूल्य की 152.5 किलो मिठाई जब्त,
==
मिठाइयों एवं नमकीन के लिए गए नमूने
==
आगामी दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले में मिठाई दुकानों की सघन जांच की शुरुआत की गई। इसी क्रम में दमोह शहर में खाद्य सुरक्षा जांच दल ने मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड स्थित बालाजी स्वीट्स की जांच की गई। जांच के दौरान कृष्ण ब्रांड स्वीट,राधिका मिक्स केक एवं दैविक ब्रांड बर्फी के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में संदिग्ध बर्फी,मिक्स केक और स्वीट की कुल 152.5 किलो (1.5 क्विंटल) मात्रा पाई गई जिसका बाजार मूल्य ₹ 49010 को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विधिवत जब्त करते हुए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। जब्त की गई समस्त खाद्य सामग्री को परिसर में डीप फ्रीजर में सीलबंद करके सुरक्षित रखा गया ।
इसी तरह बकौली चौक स्थित गुजरात नमकीन भंडार का निरीक्षण किया गया। परिसर में संग्रहित रतलामी सेव,मिल्क केक एवं गरी के लड्डू के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसी तरह घंटाघर स्थित कैलाश भंडार स्वीट्स से केसर पेड़ा,नमकीन एवं दूध बर्फी के नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके पर अधिकारियों ने सभी मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें तथा अमानक या असुरक्षित खाद्य सामग्री का निर्माण या विक्रय न करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश चौबे एवं माधवी बुधौलिया मौजूद थे।
Damoh, Madhya Pradesh | Nov 3, 2026