साइबर मंगलवार के अवसर पर सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) के निर्देशानुसार साइबर डीएसपी की अध्यक्षता में औरंगाबाद शहर स्थित सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में “साइबर मंगलवार” के अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
स्वाधार फिनएक्सेस (CFL) – आरबीआई से
मनोरंजन पाठक, जिला प्रभारी औरंगाबाद द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति सजग एवं सतर्क रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी, बैंक खाता संबंधी विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें एवं संवेदनशील सामग्री साझा करने से बचें। भ्रामक संदेश, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, त्वरित कमाई के झूठे दावे, ऑनलाइन निवेश एवं गेमिंग के नाम पर दिए जाने वाले आकर्षक प्रलोभनों से सतर्क रहें। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट सहित साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इनके प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध साइबर गतिविधि का सामना होने पर घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साइबर अपराध की घटना के बाद जितनी जल्दी शिकायत दर्ज की जाती है, ठगी गई राशि को रोकने अथवा वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।
साइबर डीएसपी ने विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अलग-अलग डिजिटल खातों के लिए अलग पासवर्ड रखने तथा अपने मोबाइल एवं सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा सेटिंग्स को मजबूत रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विद्यार्थियों को जिम्मेदार एवं जागरूक डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना था।
जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मंगलवार को “साइबर मंगलवार” के रूप में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
#cybermangalwar #cybersecurity #awareness #GoodGovernance CMO Bihar Samrat Choudhary #CMSamrat