शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना में अव्यवस्थाओं का आरोप, छात्रों ने कलेक्टर बंगले पहुंचकर की शिकायत
मुरैना में शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों ने व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शासकीय ज्ञानोदय बालक छात्रावास में रह रहे प्रशिक्षार्थियों का कहना है कि उन्हें नियमित रूप से नाश्ता नहीं दिया जा रहा है और भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है। छात्रों के अनुसार खाने में कच्ची रोटियां परोसी जा रही हैं, वहीं पेयजल की भी गंभीर समस्या बनी हुई है।
छात्रों का आरोप है कि उन्होंने छात्रावास अधीक्षक से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर अधीक्षक द्वारा धमकाने और सर्टिफिकेट नहीं देने की बात कहे जाने का भी आरोप लगाया गया है।
अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सभी छात्र कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के बंगले पर पहुंचे और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। अब देखना होगा कि प्रशासन छात्रों की शिकायतों पर क्या कदम उठाता है।
#morena #मुरैना #छात्र #कलेक्टर #समाचार