छात्रों की पहल बनी मिसाल, पीजी कॉलेज में आयोजित हुआ विशाल रक्तदान शिविर
मुरैना/ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना में विशाल रक्तदान एवं ब्लड ग्रुप जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 15 से 20 छात्रों ने रक्तदान किया, जबकि 300 से अधिक छात्र-छात्राओं के ब्लड ग्रुप की जांच की गई।
शिविर का आयोजन एवं संचालन महाविद्यालय के छात्र अजय मौर्या, राजकमल सिंह एवं करिश्मा राठौर ने किया। शिविर में शासकीय चिकित्सालय मुरैना की ब्लड बैंक टीम तथा डॉ. संयुक्ता गोयल मौजूद रहीं।
डॉ. संयुक्ता गोयल ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन बेहद अनुशासित तरीके से किया गया। छात्रों ने भी अनुशासन का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि आयोजक छात्रों का समाजसेवा की दिशा में यह सराहनीय कदम है और भविष्य में भी उन्हें समाज सुधार के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
वहीं, पूर्व एनएसएस अधिकारी एवं राजनीति विज्ञान विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. दिलीप कटारे ने भी शिविर की प्रशंसा करते हुए आयोजक छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान दुनिया का सबसे बड़ा दान है, क्योंकि हमारे रक्त से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।
शिविर के दौरान सूरज मशीनरी हाउस की ओर से रक्तदाताओं को जूस वितरित किया गया।
#morena #मुरैना