मऊ- 'राम-राम' कहकर यूपी और देश को लूट रही भाजपा सरकार — संजय सिंह (राज्य सभा सांसद)
#Mau #Maunews #Madhuban
मधुबन में आप सांसद का सरकार पर तीखा हमला, बोले- बेरोजगारी और नफरत की राजनीति के खिलाफ गांव-गांव जगाएंगे जनता को स्कूल, अस्पताल और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा
मऊ, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मऊ जिले की मधुबन विधानसभा में आयोजित जनसभा के दौरान प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। फिल्मों के पुराने डाकुओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने तंज कसा कि पहले फिल्मों में डाकू 'जय भवानी-जय भवानी' कहकर पूरे गांव लूटलेते थे, वैसे ही आज भाजपा सरकार 'राम-राम' कहकर पूरे उत्तर प्रदेश और देश को लूट रही है। उन्होंने सरकार पर बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
मधुबन के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग विधानसभाओं में सभाएं, रैलियां और बैठकें कर जनता को मौजूदा सरकार की नीतियों के प्रति जागरूक कर रही है। मधुबन में सर्वेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। उन्होंने बताया कि अब पार्टी का अभियान बूथ स्तर तक पहुंचेगा। विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर कमेटियां गठित की जाएंगी और आने वाले दिनों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी।
'झगड़ा पार्टी' बताकर भाजपा पर हमला
भाजपा को 'झगड़ा पार्टी' कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाकर जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव में बच्चों की फीस, शिक्षा, बिजली, पानी, रोजगार और किसानों की फसल के उचित मूल्य की चर्चा क्यों नहीं होती? उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई से हर वर्ग प्रभावित है, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय 80-20 की राजनीति में उलझी हुई है।
गोरखपुर की घटना पर जताई संवेदना
गोरखपुर में 14 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले पर संजय सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि ऐसी दुखद घटना पर राजनीति करने के बजाय परिवार की मदद की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुके हैं और मुख्यमंत्री को किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों को देखना चाहिए। इस दौरान उन्होंने पूर्व की कुछ दुर्घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाए।
यूजीसी के मुद्दे पर दो कमेटियां बनाने का दिया सुझाव
यूजीसी के नए प्रावधानों को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सिंह ने इसे सरकार की ओर से प्रायोजित विवाद करार दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में भेदभाव की घटनाओं को रोकने के लिए दो अलग-अलग कमेटियां बनाई जानी चाहिए। एक कमेटी सभी प्रकार के भेदभाव और उत्पीड़न की शिकायतों पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करे, जबकि दूसरी कमेटी एससी, एसटी और ओबीसी वर्गों से जुड़े मामलों की निगरानी करे। उन्होंने कहा कि यदि उनके सुझावों पर अमल किया जाए तो अनावश्यक विवादों से बचा जा सकता है।
जनसभा के जरिए राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने मधुबन में पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, शिक्षा-स्वास्थ्य को चुनावी एजेंडे में प्राथमिकता देने और भाजपा सरकार के खिलाफ जनजागरण अभियान तेज करने का संदेश दिया।
Maunath Bhanjan, Mau | Nov 21, 2026