मसूरी पब्लिक स्कूल के 60 वें स्थापना दिवस पर मेधावियों का सम्मान, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मसूरी। छह दशक की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और सुनहरी यादों का उत्सव मसूरी पब्लिक स्कूल के 60वें स्थापना दिवस एवं डायमंड जुबिली समारोह में देखने को मिला। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी मेहनत और प्रतिभा का उत्साह बढ़ाया गया। समारोह का खास आकर्षण खुशी सोनकर रहीं, जिन्हें ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2026’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
मुख्य अतिथि वैज्ञानिक ‘जी’ एवं अधिष्ठाता (शैक्षणिक), आईटीएम, डीआरडीओ मसूरी अनिता पुरी मोहिंद्रा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय की छह दशक की गौरवशाली यात्रा और शैक्षणिक उपलब्धियों को याद किया गया। नादिर आजम को ‘एकेडमिक पर्सिवियरर ऑफ द ईयर’, आदित्य रावत को ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’, संस्कार कुमार और प्रिंस को ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ तथा शोएबा को प्रधानाचार्य प्रशस्ति पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह में पीटी और योग प्रदर्शन के साथ कला प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों की शारीरिक दक्षता और रचनात्मकता को सामने रखा। ‘द इनक्रेडिबल्स’, ‘तेनालीराम इन द 21वीं सेंचुरी’ और हिंदी नाटक ‘जामुन का पेड़’ ने दर्शकों का मनोरंजन किया। विद्यालय बैंड और ‘रूट्स एंड रिदम्स-फोक फ्यूजन’ की प्रस्तुति में लोक संस्कृति और आधुनिक संगीत का संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि अनिता पुरी मोहिंद्रा ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि सर्वांगीण विकास भी है। प्रधानाचार्य विशाल सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों का आभार जताते हुए विद्यालय की उपलब्धियों को सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय की छह दशक लंबी शैक्षणिक विरासत के उत्सव के रूप में संपन्न हुआ।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Oct 2, 2026