*384 करोड़ की 111 परियोजनाओं की सौगात देकर गए मुख्यमंत्री योगी*
*बोले- राज्य वही, लोग वही, सिर्फ काम करने का स्टाइल बदला है*
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा में जनपद को 384 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास और सुशासन की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है। उन्होंने कहा, "राज्य वही, लोग वही, सिर्फ काम करने का स्टाइल बदला है।" उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बिहार पीसीएस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतापगढ़ के रानीगंज नगर पंचायत के पचरास वार्ड की श्रद्धा पाण्डेय को सम्मानित किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास, बाल विकास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह 'मोती सिंह', पूर्व मंत्री प्रो शिवाकांत ओझा, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, विधायक जीतलाल पटेल, पूर्व विधायक अभय कुमार धीरज ओझा, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख राजीव प्रताप सिंह उर्फ नंदन, शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख सत्यम ओझा,भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के नेतृत्व में भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।