आई जे यू (IJU ) के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने शेखपुरा से पांच पत्रकारों का दल अमृतसर रवाना।
देश के 22 राज्यों से करीब 800 पत्रकार और यूनियन के प्रतिनिधि होंगे शामिल।
पंजाब के मुख्यमंत्री भागवंत मान भी करेंगे शिरकत।
पंजाब के अमृतसर में आयोजित होने वाले इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (आईजेयू) के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए शेखपुरा जिले से पांच पत्रकारों का दल बुधवार की शाम अमृतसर के लिए रवाना हुआ। इस राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। देशभर के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पत्रकार और पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
पंजाब पत्रकार यूनियन के तत्वावधान में इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन का राष्ट्रीय अधिवेशन आगामी 28, 29 और 30 नवंबर को अमृतसर में आयोजित किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस अधिवेशन में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, पत्रकारों की समस्याओं, उनके अधिकारों, सुरक्षा और पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
इस राष्ट्रीय अधिवेशन में 29 नवंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री भागवंत मान मुख्य अतिथि के रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा हरियाणा के परिवहन एवं कृषि मंत्री अनिल विज सहित पंजाब और हरियाणा के कई मंत्री, विधायक तथा सांसद भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
अधिवेशन में भाग लेने के लिए शेखपुरा से बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिला महासचिव नवीन कुमार, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार, कौशल किशोर, सूरज कुमार तथा मुन्ना कुमार बुधवार की शाम ट्रेन से अमृतसर के लिए रवाना हुए।
बताया गया है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के 22 राज्यों से लगभग 800 प्रतिनिधि, पत्रकार और विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन के माध्यम से देशभर के पत्रकारों को एक मंच पर आने, अपने अनुभव साझा करने और पत्रकारिता से जुड़ी चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने का अवसर मिलेगा।
शेखपुरा से पांच पत्रकारों के इस दल के रवाना होने पर पत्रकारिता जगत के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उम्मीद जताई जा रही है कि राष्ट्रीय अधिवेशन में शेखपुरा सहित बिहार के पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती से उठाया जाएगा।
Naveen Prashar Arbind Kumar Suraj Sharma