राष्ट्रीय लोक मोर्चा का अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम आयोजित, पार्टी से लोगों को जोड़ने पर दिया जोर।
शेखपुरा शहर के हसलगंज मोहल्ला स्थित राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी कार्यालय में बुधवार को अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अवधेश पासवान ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन देवन मुखिया ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के दिशा-निर्देश पर बिहार के सभी जिलों में अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को शेखपुरा जिले में दसवें जिला के रूप में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ना और संगठन को पूरे बिहार में मजबूत बनाना है।वहीं, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अवधेश पासवान ने कहा कि शेखपुरा जिले में बूथ स्तर से लेकर पंचायत और जिला स्तर तक अनुसूचित जाति समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के निर्देश पर पूरे बिहार में चल रहे इस संवाद अभियान के माध्यम से समाज के लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अवधेश पासवान, पार्टी के जिला अध्यक्ष देवन मुखिया, फजल इमाम, नवलेश कुमार मंडल, चंदन कुशवाहा, सुनील रजक, निरंजन कुशवाहा, प्रियदर्शनी कुमारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।