शिक्षा संवाद: राष्ट्रीय निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर हुआ मंथन, गोह में पहुंचे IPS विकास वैभव
गोह (औरंगाबाद): औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड मुख्यालय स्थित TCP Education Hub, गोह में रविवार को “शिक्षा संवाद—राष्ट्रीय निर्माण में शिक्षकों की भूमिका” विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस अधिकारी श्री विकास वैभव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में श्री विकास वैभव ने शिक्षा, युवाओं के भविष्य, लक्ष्य निर्धारण और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करते हुए बेहतर भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य को दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षित और जागरूक युवा ही समाज एवं राष्ट्र को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
श्री विकास वैभव के विचारों से कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, युवाओं की जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्री विकास वैभव के प्रेरणादायक संबोधन की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं मार्गदर्शन देने वाला बताया।