टंच रोड विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों में मारपीट, क्रॉस केस दर्ज
मुरैना। कोतवाली थाना क्षेत्र के टंच रोड इलाके में अतिक्रमण को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार को अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में कट्टे से फा.यरिंग के आरोप सामने आए हैं, वहीं दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों ओर से लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, टंच रोड पर कांग्रेस के पूर्व पार्षद अजय यादव और उनके पड़ोसी ब्रजेश यादव के बीच सड़क पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद गुरुवार को उस समय बढ़ गया जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष की ओर से कट्टे से फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है
बताया गया है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों ही तरफ से लोग घायल हुए हैं।
कोतवाली थाने में पदस्थ एसआई पवन भदौरिया ने बताया कि कॉलोनी की सड़क पर अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मारपीट का वीडियो प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#मुरैना #morena