वीकेंड पर जाम से बेहाल मसूरी, चेकआउट टाइम में बदलाव
हाथीपांव डायवर्जन के बाद भी वाहनों का दबाव बरकरार, पार्किंग की कमी पर उठे सवाल
मसूरी। लंबे वीकेंड के चलते मसूरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख चौक-चौराहों के साथ मसूरी-देहरादून मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही। घंटों जाम में फंसे पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
शुक्रवार को जाम बढ़ने पर पुलिस ने यातायात का दबाव कम करने के लिए वाहनों को करीब आठ किलोमीटर नीचे हाथीपांव मार्ग की ओर डायवर्ट किया, लेकिन यहां भी वाहनों की कतार लगने से लोगों को काफी देर इंतजार करना पड़ा। सभासद जसबीर कौर ने कहा कि वैकल्पिक मार्ग पर भी बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत है।
स्थानीय निवासी अमित ने कहा कि हर पर्यटन सीजन और छुट्टी में मसूरी जाम से जूझती है। लंबे वीकेंड की पहले से जानकारी होने के बावजूद समय रहते ठोस एक्शन प्लान तैयार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हर साल योजना बनाने की बात होती है, लेकिन उसका असर धरातल पर दिखाई नहीं देता।
यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए होटल व्यवसायियों से रविवार को क्षेत्रवार चेकआउट समय रखने की अपील की गई है। लैंडौर क्षेत्र के होटलों में सुबह 9 से 11 बजे, माल रोड-कैमल बैक रोड क्षेत्र में 11 बजे से दोपहर एक बजे और किताबघर-कैंपटी रोड क्षेत्र में दोपहर एक बजे के बाद चेकआउट रखने का सुझाव दिया गया है। इसका उद्देश्य पर्यटकों के वाहनों की एक साथ निकासी रोककर ट्रैफिक दबाव को अलग-अलग समय में बांटना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मसूरी में पर्याप्त पार्किंग नहीं होना जाम की प्रमुख वजहों में शामिल है। पर्यटन सीजन में क्षमता से अधिक वाहन पहुंचने पर सड़क किनारे पार्किंग से यातायात प्रभावित होता है। लोगों ने मांग की कि लंबे वीकेंड और पर्यटन सीजन से पहले पुलिस-प्रशासन की ओर से प्रभावी ट्रैफिक प्लान बनाया जाए और शहर में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाए।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Oct 4, 2026