### सुवासरा में जर्जर स्कूल भवन बना खतरा, खंडहर कमरों में रोज निकल रहे सांप
सुवासरा तहसील रोड स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन के जर्जर कक्ष इन दिनों विद्यार्थियों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय परिसर में बने पुराने कमरे पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण होकर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं और इन कमरों में आए दिन सांप निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
बताया गया कि इसी परिसर के पास बने नए स्कूल भवन में प्रतिदिन छात्राओं की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में जर्जर कमरों से सांप निकलने की घटनाओं को लेकर स्कूल के आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस संबंध में 24 सितंबर 2026 को स्कूल के शिक्षकों और नगर परिषद सुवासरा को सूचना दी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आई है।
पूर्व पार्षद कालूराम बैरवा ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि जर्जर भवन को लेकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जर्जर कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।