# भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 481 किलो डोडाचूरा जब्त
मंदसौर जिले के भानपुरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 481 किलो 592 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। कार्रवाई 23 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम धनकपुरा स्थित श्मशान घाट के सामने की गई। पुलिस ने मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर डोडाचूरा ले जा रहे टाटा कंपनी के ट्रक क्रमांक RJ14 GH6295 को भी जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मामले में राजू उर्फ राजवीर सिंह राठौर (23), निवासी नयागांव, थाना भानपुरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में गोपाल सिंह और दाणी सिंह फरार हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।