कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक संपन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर कलेक्टर के सख्त निर्देश
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने लोक सेवा प्रबंधक को निर्देश दिए कि 5 जुलाई 2026 तक 50 दिवस से लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर निराकरण कराया जाए।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में बार-बार विद्युत बाधित होना गंभीर लापरवाही है। विशेष रूप से हाईकोर्ट के न्यायाधीश के डिंडौरी प्रवास के दौरान भी बिजली आपूर्ति बाधित होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है। इस पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
मत्स्य विभाग को मुख्यमंत्री मछुआ पालन योजना एवं स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधूरे निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही इनका शुभारंभ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराने की बात कही गई।
कलेक्टर ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं का अपने-अपने क्षेत्र में प्रतिमाह निरीक्षण करें। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) प्रबंधक को नर्मदा डेम घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोना-पत्तल की दुकान संचालित कराने के निर्देश दिए।
टीबी विभाग की समीक्षा के दौरान शासकीय कार्यों में लापरवाही, फूड किट वितरण में कमी तथा टीबी नियंत्रण की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन विभागों द्वारा सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को नॉन-अटेंड किया गया है, उनके खिलाफ भी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
पशुपालन विभाग को 15 दिवस के भीतर कृत्रिम गर्भाधान, क्षीरधारा ग्राम अभियान एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु टीकाकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण एवं पुस्तक वितरण समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता प्रभारी जिला पंचायत को ग्रामीण क्षेत्रों में पीएम आवास एवं जनमन आवास सहित अन्य आवासीय योजनाओं के तहत शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, डीएफओ श्री विशाल, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियांशी जैन सहित समस्त विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
11 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 29, 2026