अमलडीहा में बावड़ी उत्सव के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में सेक्टर क्रमांक 02 रूसा के ग्राम अमलडीहा स्थित टूटेश्वरधाम अमरकुण्ड में ’जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तृतीय चरण अंतर्गत ’’बावड़ी उत्सव कार्यक्रम’’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अमरकुण्ड एवं आसपास स्थित कुएं की साफ-सफाई से हुई, जिसमें श्रमदान के माध्यम से ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके बाद कलश यात्रा निकाली गई तथा 11 दीप प्रज्वलित कर घाट का पूजन-अर्चन एवं रंगोली सजाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
यह आयोजन मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री धर्मेंद्र चौहान एवं विकासखंड समन्वयक श्री भानुप्रताप मरावी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हुए ’जल गंगा संवर्धन अभियान 2026’ का समापन बावड़ी उत्सव के साथ किया गया।
कार्यक्रम में आयोजित जल संगोष्ठी में जल संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि गांव के पारंपरिक जल स्रोत जैसे कुआं, तालाब, नदी एवं झरनों की नियमित साफ-सफाई और संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से ही जल संकट से बचा जा सकता है। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय वरिष्ठ महंत श्री राम सिंह परस्ते, हीरा सिंह मरावी, सामाजिक कार्यकर्ता श्री टीकाराम परस्ते सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था चन्दना के अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद बनवासी, सचिव श्री नरबद सिंह मरावी,श्री दिलीप कुमार टांडिया, श्री नवांकुर उमरिया के अध्यक्ष श्री जगदीश सिंह श्याम, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति भीमकुण्डी के अध्यक्ष श्री सुखीराम मरावी सहित क्षेत्र के अनेक ग्रामीणों ने सहभागिता की।
भजन मंडली ग्राम बरबसपुर द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी गई। अंत में विकासखंड समन्वयक द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए उपस्थितजनों को अल्पाहार एवं भोजन वितरण किया गया।
#anjupavanbhadiriya #डिंडौरी #JansamparkMP
3 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jun 29, 2026