#भरतपुर। बयाना-बसेड़ी स्टेट हाईवे पर गढ़ीबाजना थाना क्षेत्र के कोट की खिरकारी के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 4 वर्षीय बालिका दिव्यांशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उसके पिता कान्हा गुर्जर और 11 वर्षीय भतीजी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, परिजन अपनी बीमार बच्ची का इलाज बयाना से करवाकर गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर कर दिया गया। गढ़ीबाजना थाना पुलिस ने पीछा कर करीब 10 किलोमीटर दूर बोलेरो को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी गई है।