"तेरे अकेले के 30,000 रुपए है, सबका ठेका नहीं ले रखा.."
आगरा में मुकदमे में मदद के बदले 30,000 रुपये रिश्वत मांगने का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ऑडियो में एक दरोगा और पीड़ित के बीच मुकदमे की जानकारी जुटाने, एफआईआर दर्ज करने और पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत होती सुनाई दे रही है। पीड़ित द्वारा पक्षपात और एकतरफा कार्रवाई का सवाल उठाने पर दरोगा दोनों तरफ से गोलीबारी की बात कहता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि मामला उजागर होने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है और एसीपी फतेहाबाद को इस पूरे मामले की विभागीय कार्रवाई और विस्तृत जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।