#भरतपुर। डीग जिले के कुम्हेर क्षेत्र में 33केवी बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। सैंत जीएसएस को जाने वाली लाइन में फॉल्ट ढूंढते समय लाइनमैन हेमंत पोल पर चढ़कर कार्य कर रहा था, तभी वह अचानक हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही हेमंत झुलसकर काफी देर तक पोल पर ही लटका रहा, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। मौके पर मौजूद एफआरटी टीम ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई और सूचना पर पहुंचे अधिकारियों व कर्मचारियों ने करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा। झुलसे हुए लाइनमैन को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया।