खलीलाबाद बाईपास पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस की पहल, मनचलों और बिना हेलमेट चालकों को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ
संत कबीर नगर के खलीलाबाद बाईपास पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस ने यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान करीब 10 से 12 लोग ऐसे मिले, जो बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे थे।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने सभी को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस ने वाहन चालकों को समझाते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट जरूर लगाएं। हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
उन्होंने लोगों को तेज गति से वाहन न चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की भी सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही कभी-कभी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह खुद भी यातायात नियमों का पालन करे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करे।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर परमहंस ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने सभी से अपील की कि सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट पहनें और यातायात के सभी नियमों का पालन करें।