राष्ट्रीय लोक अदालत महापर्व के समान, विवादों के समाधान से बढ़ेगा भाईचारा : सतीश कुमार झा।
शेखपुरा जिला न्यायालय परिसर में प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार झा की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक संघ के अध्यक्ष चंद्र मौली यादव, महासचिव विनोद कुमार सिंह, सीजीएम विभा रानी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुशील प्रसाद, अपर समाहर्ता संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित न्यायिक एवं प्रशासनिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार झा ने राष्ट्रीय लोक अदालत को न्याय और आपसी सौहार्द का महापर्व बताते हुए कहा कि जिस प्रकार लोग दीपावली, दशहरा और छठ जैसे पर्व मिल-जुलकर मनाते हैं, उसी भावना से आपसी विवादों का समाधान लोक अदालत के माध्यम से किया जाना चाहिए। इससे न केवल मुकदमों का निपटारा होगा, बल्कि लोगों के बीच भाईचारा और सौहार्द भी बढ़ेगा।
वहीं, जिला विधिक संघ के अध्यक्ष चंद्र मौली यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता में अधिवक्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। अधिवक्ता अपने मुवक्किलों को समझाकर आपसी सहमति से मामलों के निपटारे में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन में सहयोग की अपील की।
चंद्र मौली यादव ने बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी विशेष आग्रह किया कि शेखपुरा छोटा जिला है और यहां बड़ी संख्या में गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोग हैं। ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए बैंक से संबंधित मामलों में यथासंभव कम राशि में समझौता कराकर उन्हें राहत प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का समाधान हो सके।
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति से त्वरित, सरल और सुलभ समाधान कर आम लोगों को राहत पहुंचाना है।
#NationalLokAdalat #Sheikhpura #LokAdalat #LegalServices #Justice #ChandraMauliYadav
#viralchallenge