विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग #VBYLD 2027 क्विज रजिस्ट्रेशन ड्राइव एवं युवा कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन।
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा के सभागार में दिनांक 12.09.2026 को प्रातः 11:00 बजे, प्रभारी प्राचार्य, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा की अध्यक्षता में “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 क्विज रजिस्ट्रेशन ड्राइव एवं युवा कनेक्ट कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विवेक वैष्णवी, जिला युवा अधिकारी, My Bharat, शेखपुरा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि एवं संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।इस अवसर पर श्री बिनय कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी (NSS) एवं नोडल अधिकारी, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा द्वारा मुख्य अतिथि श्री विवेक वैष्णवी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने युवाओं की सक्रिय सहभागिता तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि श्री विवेक वैष्णवी, जिला युवा अधिकारी, My Bharat, शेखपुरा ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 एवं युवा कनेक्ट कार्यक्रम के उद्देश्यों, युवाओं की भूमिका तथा विभिन्न गतिविधियों में उनकी सहभागिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में VBYLD 2027 क्विज में पंजीकरण कर सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में संस्थान के डॉ. राहुल कुमार हिन्दुस्तानी, डॉ. अवधेश कुमार सुमन सहित अन्य शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में अत्यंत उत्साह एवं तन्मयता के साथ भाग लिया तथा VBYLD 2027 एवं युवा गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता करने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के छात्र सुनील सुमन, समृद्धि, प्रियदर्शी, प्रत्यांशु सहित अन्य विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता प्रदान की।
अंत में डॉ. राहुल कुमार हिन्दुस्तानी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
कार्यक्रम पदाधिकारी (NSS)
श्री बिनय कुमार
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा।