मां पर की अभद्र टिप्पणी, बेटे ने उलाहना दिया तो कर दिया लाठियों से हमला, पुलिस ने तीनों आरोपी दबोचे👇
मुरैना में कैलारस थाना क्षेत्र के सैमई चौराहे के पास नेशनल हाईवे-552 पर मां पर कथित कमेंट की शिकायत करना एक युवक को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज तीन युवकों ने 21 वर्षीय कुलदीप गौड़ पर लाठियों से हमला कर दिया। आरोपी उसे सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना 9 सितंबर की है। पुलिस के अनुसार कुलदीप की मां रेलवे ट्रैक की ओर गई थीं। आरोप है कि वहां मौजूद चिरौंजी शाक्य, सोनू शाक्य और संकेत शाक्य ने उन पर कमेंट किया। इसकी शिकायत कुलदीप ने युवकों से की थी।
इसके बाद कुलदीप पोहा का ठेला लगाने पहुंचा, जहां तीनों युवक पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। बचने के लिए भागने के दौरान भी उसका पीछा कर मारपीट की गई।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाहा के अनुसार कुलदीप की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।