*ग्राम घिनोदा में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने रंबल स्ट्रिप एवं आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश दिए*
---
*मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर ने खाचरौद विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का किया भ्रमण*
---
उज्जैन, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने आज खाचरौद विकासखंड के ग्राम उमरना, बेड़ावन्या एवं घिनोदा का भ्रमण किया। यहां उन्होंने ग्रामीणों और युवा छात्रों से रुबरू बातचित की और विभिन्न शासकीय संस्थानों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उसके निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश दिए।
*एक बगिया मां के नाम अभियान के तहत लगाए संतरे का बगीचा देखा*
कलेक्टर श्री सिंह ने भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत उमरना की किसान पुष्पाबाई शोभाराम द्वारा “एक बगिया मां के नाम” अभियान के अंतर्गत लगाए गए रंगपुरी संतरे के 250 पौधों का अवलोकन किया। किसान द्वारा संतरे के साथ सोयाबीन, मूंगफली, मूंग, चावल एवं ज्वार की खेती भी की जा रही है।
बताया गया कि किसान द्वारा जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए केंचुआ खाद का उपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर ने जैविक खाद निर्माण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और किसान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ अधिक से अधिक किसानों को इसके लिए प्रेरित किया जाए, ताकि खेती की लागत कम करने के साथ किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
*युवाओं से संवाद किया*
कलेक्टर श्री सिंह ने उमरना में ग्रामीणों एवं युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं रोजगार संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें स्व-सहायता समूहों एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से उद्यमी बनने तथा आय के अतिरिक्त साधन विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की भी जानकारी ली।
*बेड़ावन्या में सोलर प्रोजेक्ट लगाकर पहल करने वाले किसान का उत्साहवर्धन किया*
ग्राम बेड़ावन्या में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने पीएम कुसुम योजना अंतर्गत किसान श्री जितेश चौहान द्वारा स्थापित किए जा रहे 2 मेगावाट सोलर प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। लगभग 10 बीघा भूमि पर करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट से किसान की आय में वृद्धि के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर ने किसान जितेश का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम कुसुम योजना की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाई जाए और इच्छुक किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, समृद्ध कृषि और ग्रामीण आत्मनिर्भरता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
*आंगनवाड़ी केंद्र में टाटपट्टी पर बेठे कलेक्टर*
*बच्चों को चॉकलेट वितरित की*
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम बेड़ावन्या के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के साथ टाटपट्टी पर बैठकर बातचीत की और उनकी पढ़ाई, भोजन एवं दैनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सब्जियों एवं फलों के नाम पूछे । बच्चों को उत्साहवर्धित करते हुए कलेक्टर ने उन्हें चॉकलेट वितरित की और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था की जानकारी कार्यकर्ता एवं संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने केंद्र में पानी की समुचित व्यवस्था के लिए सीडीपीओ को आवश्यक निर्देश दिए। आरओ व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
*उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया*
*ग्रामीणों से पूछा राशन बराबर मिल रहा है*
कलेक्टर ने ग्राम बेड़ावन्या की शासकीय उचित मूल्य की दुकान तथा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था मर्यादित का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राशन की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली तथा परिवारों एवं हितग्राहियों से राशन मिलने संबंधित जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामपंचायत सचिव से पेंशन योजनाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से भी संवाद कर ग्राम की प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
*विद्यार्थियों से सीधी बात की*
*11वीं-12वीं करियर निर्माण का महत्वपूर्ण समय*
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने ग्राम घिनोदा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों से सीधी बात करते हुए 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से स्कूल आने के साधन, पढ़ाई, खेलकूद एवं विद्यालय के वातावरण के बारे में जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अच्छा वातावरण उन्हें स्कूल आने के लिए प्रेरित करता है। विद्यार्थियों के नियमित रूप से विद्यालय आने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से मोबाइल एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सदुपयोग पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग ज्ञान एवं सीखने के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन मोबाइल का उपयोग सीमित रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि 11वीं-12वीं कक्षा करियर निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए समय का सदुपयोग करें और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं और उनके लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जीवन में बिना मेहनत के सफलता हासिल नहीं की जा सकती। स्कूल में प्रतिदिन पढ़ाए जाने वाले विषयों का नियमित रिवीजन करें तथा पुराने वर्षों के प्रश्न-पत्रों से अभ्यास करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने, पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व का विकास करने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों की बात एवं भावनाएं महत्वपूर्ण हैं।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी बात कलेक्टर के समक्ष रखी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दो बालिकाओं को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। विद्यालय के बाहर विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को रंबल स्ट्रिप एवं आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश दिए।
*टेक होम राशन का अवलोकन किया*
ग्राम पंचायत घिनोदा में कलेक्टर श्री सिंह ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे टेक होम राशन (THR) के पैकेटों का अवलोकन किया। महिलाओं को इस कार्य के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया है तथा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए पोषण आहार के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं।
महिलाओं ने कलेक्टर श्री सिंह को बताया कि 5 दिनों के लिए 850-850 ग्राम के दो प्रकार के मिक्सचर पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। जिसमें गेहूं आधारित दलिया मिक्सचर—850 ग्राम: एवं चावल आधारित खिचड़ी मिक्सचर—850 ग्राम: होती है।
कलेक्टर श्री सिंह ने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आय के अवसर भी विकसित हो रहे हैं। उन्होंने समूह की महिलाओं को गुणवत्ता एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने पूरे भ्रमण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, एसडीएम सुश्री नेहा साहू सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
22 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026