*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम घिनोदा में जिलास्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित*
---
*कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने 35 पंचायतों से प्राप्त आवेदनों पर की सुनवाई, अनेक प्रकरणों का मौके पर निराकरण*
---
उज्जैन, 11 सितम्बर/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सहित जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026” प्राथमिकता के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के चार प्रमुख स्तंभ संवाद, समाधान, संवेदनशीलता एवं सादगी हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को विकासखंड खाचरौद के ग्राम घिनोदा में जिलास्तरीय विशाल जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट एवं एएसपी श्री करणदीप सिंह ने विभिन्न पंचायतों से प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई की तथा अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया।
*35 पंचायतों के आवेदनों पर हुई कार्रवाई*
शिविर में करीब 35 पंचायतों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, राजस्व प्रकरण, खाद्यान्न पर्ची, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, बीपीएल, समग्र कार्ड, संबल योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उनमें समय-सीमा निर्धारित करते हुए आगामी विकासखंड स्तरीय शिविर से पूर्व निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का किया अवलोकन*
शिविर परिसर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और आमजन को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष स्टॉल लगाए गए थे। कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं आमजन को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोषण प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित विभिन्न पोषण आहारों की जानकारी ली। इसी प्रकार डे-आजीविका/राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न व्यवसाय एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से विभाग में संचालित योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर एसडीएम खाचरौद सुश्री नेहा साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
26 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026