मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी द्वारा विक्रम कीर्ति संग्रहालय एवं बांगड़ भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण
उज्जैन, 11 सितम्बर ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड, डॉ नेहा जैन द्वारा शुक्रवार को विक्रम कीर्ति संग्रहालय के इंटीरियर कार्य एवं बांगड़ भवन में संचालित निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा प्रचलित निर्माण कार्यों की यथास्थिति एवं भौतिक प्रगति की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्यों की प्रगति के संबंध में चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान कार्यों की गति अपेक्षाकृत असंतोषजनक पाए जाने पर डॉ नेहा जैन द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी E-Factor Experience Ltd को निर्माण कार्यों में आवश्यक गति लाने, पर्याप्त मैनपावर बढ़ाने तथा कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी प्रचलित कार्यों को निर्धारित समयावधि में शीघ्र पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं कार्य की गति दोनों पर समान रूप से विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित इंजीनियरों को प्रतिदिन निर्माण स्थलों का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा डेली मॉनिटरिंग शीट के माध्यम से प्रगति से अवगत कराने एवं श्री पलाश शर्मा, कार्यपालन यंत्री को लाइटिंग संबंधी विवरण पर चर्चा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उज्जैन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की समस्त तकनीकी टीम उपस्थित रही।
22 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026