मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद आयोजित*
---
कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता में सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान*
---
उज्जैन, 11 सितम्बर 2026/कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स आज समाज में जनमत निर्माण और जागरूकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए-नए लोगों से जुड़ने और विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त करने से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पहुंच और प्रभाव दोनों बढ़ते हैं। उन्होंने इंफ्लूएंसर्स को उनके कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे जिस क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, उसमें निरंतर नवाचार करते हुए आगे बढ़ें।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से संवाद कर उनके कार्यक्षेत्र, अनुभव एवं गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इंफ्लूएंसर्स का प्रयास होना चाहिए कि पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी शासकीय योजना का लाभ मिला है, तो उसकी सफलता की कहानी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अन्य पात्र व्यक्ति भी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ ले सकें।
कलेक्टर श्री सिंह ने इंफ्लूएंसर्स से नशे के दुष्प्रभावों, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा अन्य सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और अफवाहों के प्रसार को रोकना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अपुष्ट या गलत सूचना को प्रसारित करने से बचें तथा सकारात्मक और तथ्यपरक सामग्री को बढ़ावा दें।
संवाद के दौरान सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए तथा जनजागरूकता और शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने के संबंध में विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कुमाथ, एएसपी श्री करणदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स उपस्थित रहे।
25 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026