*जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने बांटी खुशियों की सौगात : कुल 67 मोबाइल फोन बरामद कर सम्बन्धित व्यक्तियों के किये गये सुपुर्द।*
*पुलिस कार्यालय में आये व्यक्तियों को एसपी नीहारिका तोमर ने किये फोन सुपुर्द : इनमें से अधिकांश मोबाइल केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान खोये होने के कारण बरामद होने पर कोरियर के माध्यम से भिजवाए जा रहे हैं सम्बन्धित व्यक्तियों तक।*
*मोबाइल लौटाने में सहयोगी सिद्ध हो रहा सीईआईआर पोर्टल: वर्ष 2026 में अब तक कुल 142 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए गये हैं सम्बन्धित मोबाइल धारकों को।*
जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बार फिर आम जनमानस को खुशियों की सौगात देते हुए उनके खोए हुए कीमती मोबाइल फोन खोज निकालकर उनके स्वामियों के सुपुर्द किए हैं। पुलिस कार्यालय रुद्रप्रयाग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर द्वारा सम्बन्धित व्यक्तियों को उनके बरामद किए गए मोबाइल फोन सौंपे गए। जनपद की साइबर सेल द्वारा कड़ी मेहनत और आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए कुल 67 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। रुद्रप्रयाग पुलिस की इस त्वरित और जन-केंद्रित कार्यवाही से अपने खोए हुए फोन वापस पाने वाले नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल फोन सुप्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के विभिन्न पड़ावों पर खो गए थे। दूर-दराज के राज्यों से आए इन श्रद्धालुओं को वापस रुद्रप्रयाग बुलाना व्यावहारिक रूप से सम्भव न होने के कारण, पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा संवेदनशीलता दिखाते हुए इन मोबाइल फोन को कोरियर एवं सुरक्षित डाक माध्यम से उनके मूल निवास स्थानों तक भिजवाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इस पहल से उन तीर्थयात्रियों को अत्यधिक राहत मिली है, जो अपने खोए हुए फोन को हमेशा के लिए खो चुका मान बैठे थे। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनहित में लगातार की जा रही इस प्रकार की पहल के सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं, जिसके तहत वर्ष 2026 में अब तक कुल 142 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।
मोबाइल फोन की इस रिकॉर्ड स्तर पर बरामदगी और त्वरित ट्रैकिंग में संचार साथी और सीईआईआर पोर्टल अत्यधिक मददगार एवं मील का पत्थर साबित हो रहा है। दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर एक ऐसा आधुनिक केंद्रीय डेटाबेस है, जो देश भर में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने और उन्हें ढूंढ निकालने की सुविधा प्रदान करता है। जब भी किसी नागरिक का मोबाइल फोन गुम या चोरी होता है, तो वह सीईआईआर पोर्टल पर अपने फोन के आईएमईआई नंबर के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होते ही यह पोर्टल उस फोन को पूरे देश के किसी भी नेटवर्क पर उपयोग किए जाने से ब्लॉक कर देता है, जिससे कोई भी अज्ञात या असामाजिक तत्व उस फोन का गलत इस्तेमाल नहीं कर पाता। जैसे ही कोई व्यक्ति उस ब्लॉक किए गए फोन में नई सिम कार्ड डालने का प्रयास करता है, सीईआईआर पोर्टल तुरंत संबंधित पुलिस और सर्विलांस टीम को अलर्ट भेज देता है, जिससे पुलिस के लिए उस फोन की सटीक लोकेशन ट्रेस करना और उसे सकुशल बरामद करना बेहद आसान हो जाता है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने इस अवसर पर जनपद वासियों और केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा या दैनिक आवागमन के दौरान अपने कीमती सामान और मोबाइल फोन का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी कारणवश किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाता है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। नागरिक तत्काल अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दें या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से सीईआईआर पोर्टल पर जाकर अपने फोन को ब्लॉक कराएं और शिकायत दर्ज करें। रुद्रप्रयाग पुलिस आम जनता की सुरक्षा, सहायता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है और भविष्य में भी साइबर तकनीक का बेहतर उपयोग कर इसी प्रकार जनसेवा के कार्यों को निरन्तर जारी रखेगी।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, प्रभारी साइबर सैल मनोज रावत, साइबर सैल में नियुक्त मुख्य आरक्षी नवनीत सिंह, आरक्षी दीपक नौटियाल, आरक्षी शुभम चौधरी मौजूद रहे। #facebookviral #uttarakhand #kedarnath #today #mobile #rudraprayag #police