जन्माष्टमी पर्व से पहले डेयरी एवं मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा और नापतौल विभाग की जांच
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार आगामी जन्माष्टमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डेयरी एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, माप-तौल एवं अन्य आवश्यक मानकों का जायजा लिया गया।
जांच के दौरान नापतौल विभाग द्वारा विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर नापतौल विभाग द्वारा दो प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित माप-तौल के नियमों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सही मात्रा में सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा डेयरी एवं मिठाई दुकानों से दूध की गुणवत्ता की मौके पर प्राथमिक जांच की गई। रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से मौके पर तीन प्रकार के दूध के नमूनों की जांच की गई, जिसमें गाय के दूध, भैंस के दूध एवं मिश्रित दूध के नमूने शामिल रहे। रैपिड टेस्ट किट से प्रारंभिक स्तर पर दूध की गुणवत्ता संबंधी परीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा दूध की विस्तृत एवं वैज्ञानिक जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को आवश्यक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जन्माष्टमी जैसे पर्वों के दौरान दूध, मावा, मिठाई एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट एवं अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखने के उद्देश्य से जिले में जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे खाद्य सामग्री एवं मिठाई आदि खरीदते समय गुणवत्ता और पैकिंग की जानकारी अवश्य देखें तथा किसी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें। #Vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026