रक्षाबंधन से पहले मिठाई दुकानों पर प्रशासन की छापेमारी, 54 किलो संदिग्ध मिठाई नष्ट
उमरिया में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मिठाई दुकानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
गांधी चौक के पास स्थित शिवालय होटल की जांच के दौरान टीम को करीब 54 किलो संदिग्ध सिंथेटिक मिठाई मिली। खाद्य सामग्री के निर्माण और भंडारण में अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने मिठाई को जब्त कर उसका विनिष्टीकरण कराया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया।
राजा स्वीट्स से लिए गए नमूने
शिवालय होटल के बाद जांच टीम संजय मार्केट स्थित राजा स्वीट्स पहुंची। यहां मिठाइयों और मेवों की जांच करते हुए अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
त्योहार तक जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन को देखते हुए शहर में मिलावटी खोवा, सिंथेटिक मिठाई, नकली मेवे और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर निगरानी बढ़ाई गई है। आने वाले दिनों में अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब मिठाई कारोबारियों में भी हड़कंप है। वहीं त्योहार के दौरान बाजार से मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं की नजर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर बनी हुई है।
#umariyaNews #FoodSafety #RakshaBandhan #MilawatKeKhilaaf #Halchal24News