डिंडौरी में शान-ओ-शौकत से निकला जश्ने ईद मिलादुन्नबी का जुलूस, दिया अमन और भाईचारे का संदेश
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर डिंडौरी में बुधवार को अकीदत और एहतराम के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर आयोजित जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और समाज के लोग शामिल हुए।
जुलूस की शुरुआत सुबखार स्थित पंजतन पाक मस्जिद से हुई। हाथों में झंडे लिए बच्चे जुलूस में सबसे आगे नजर आए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे तक पहुंचा। इस दौरान नात और मनकबत के साथ जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ता रहा।
जगह-जगह स्थानीय लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। इसके बाद जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए जामा मस्जिद, डिंडौरी पहुंचा, जहां सलातो-सलाम पेश किया गया। इस दौरान देश में अमन, भाईचारे और एकता के लिए विशेष दुआ की गई।
जुलूस के बाद स्वच्छता का संदेश
ईद मिलादुन्नबी के आयोजन में धार्मिक सौहार्द के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की तस्वीर भी देखने को मिली। जुलूस समाप्त होने के बाद समुदाय के लोगों ने मुख्य मार्गों की सफाई कराई, ताकि सड़कों पर गंदगी न रहे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
डिंडौरी में आयोजित जश्ने ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ अमन, भाईचारे, एकता और स्वच्छता का संदेश देता नजर आया।
#EidMiladUnNabi
#Dindori
#MiladUnNabi
#Bhaichara
#Halchal24News