भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
देवास। उदयनगर थाना पुलिस ने भैंस चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पोटला-पिपरी जंगल क्षेत्र से भैंस चोरी कर उन्हें बेचने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की भैंसों को बेचकर प्राप्त 1 लाख 7 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पोटला निवासी मौजीराम और रोहित ने अपनी तथा परिचित की कुल चार भैंसें पोटला-पिपरी जंगल क्षेत्र से चोरी होने की रिपोर्ट थाना उदयनगर में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 475/2026 एवं 476/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पोटला निवासी राजेश पिता धनसिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके अन्य साथियों की पहचान करते हुए शंभू पिता बाला निवासी पोटला, विजय पिता सुकराम निवासी पाटखाल और गोलू पिता हरेसिंह निवासी बीयादढ़ को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशादेही पर भैंसों को बेचकर प्राप्त ₹1,07,000 नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गिरोह की अन्य वारदातों और चोरी की भैंसों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी उदयनगर उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक एम.एस. बघेल, प्रधान आरक्षक पूनम, मनीष मीणा तथा आरक्षक दीपक पटेल, मगन बामनिया, अरुण गौर, भूरेलाल, रामकृष्ण और मुकेश रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।