शासकीय कॉलेजों की बदहाली पर अभाविप का ‘विद्यार्थी हुंकार’, सैकड़ों छात्रों ने घेरा कलेक्ट्रेट
मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
देवास। शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने प्रदेशव्यापी ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ के तहत देवास में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों विद्यार्थी और अभाविप कार्यकर्ता मार्च के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासकीय महाविद्यालयों की समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग उठाई।
अभाविप ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पढ़ाई करनी पड़ रही है। संगठन के अनुसार, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त एवं स्वच्छ शौचालय, व्यवस्थित कक्षाएं, पर्याप्त फर्नीचर, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाओं जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं कई स्थानों पर पर्याप्त नहीं हैं। छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाएं, इंटरनेट, पार्किंग, सुरक्षा और प्राथमिक उपचार जैसी व्यवस्थाओं को लेकर भी संगठन ने सवाल उठाए।
सुविधाओं की स्थिति का सर्वे कराने की मांग
ज्ञापन के माध्यम से अभाविप ने प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का तत्काल सर्वे कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि सर्वे के आधार पर कमियों को चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू की जाएं। जिन कार्यों के लिए अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए।
‘कॉलेज शिक्षा के मंदिर, लेकिन सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक’
अभाविप मालवा प्रांत मंत्री दर्शन ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं, लेकिन कई शासकीय महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना भी जरूरी है। ‘विद्यार्थी हुंकार’ अभियान के माध्यम से सरकार तक विद्यार्थियों की समस्याएं पहुंचाई जा रही हैं।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा अभियान
अभाविप देवास जिला संयोजक अंकुर सिंह जादौन ने कहा कि ‘विद्यार्थी हुंकार अभियान’ की शुरुआत देवास में प्रदर्शन के साथ हुई है। आने वाले समय में विभिन्न रचनात्मक और आंदोलनात्मक माध्यमों से विद्यार्थियों की मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों के पूर्ण होने तक अभाविप का अभियान जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभाविप कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने शासकीय महाविद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की।