अमलतास विश्वविद्यालय में गूंजा ‘खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ का संदेश
करीब 400 युवाओं ने लिया सहभागिता, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने युवा खिलाड़ियों से किया संवाद
देवास। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अमलतास विश्वविद्यालय, देवास में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के युवाओं, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद करते हुए खेल, फिटनेस, युवा शक्ति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी की गरिमामयी उपस्थिति रही। करीब 400 युवाओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की और प्रधानमंत्री के संवाद का सीधा प्रसारण देखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। प्रधानमंत्री के संवाद ने युवाओं को खेलों के माध्यम से फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
सांसद ने युवा खिलाड़ियों से जाना खेलों का अनुभव
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए खेलों और युवा शक्ति के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके युवा खिलाड़ियों से भी बातचीत की तथा उनके खेल अनुभवों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर देवास की युवा प्रतिभाओं एवं खेल जगत से जुड़े व्यक्तित्वों की भी सक्रिय सहभागिता रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिन्हित देवास की खेल प्रतिभाओं के साथ वरिष्ठ खेल प्रशिक्षक एवं विश्वामित्र अवार्डी श्री सुदेश सांगते भी उपस्थित रहे।
‘आइडिया बॉक्स’ के जरिए प्रधानमंत्री तक पहुंचेंगे युवाओं के विचार
कार्यक्रम में युवाओं को अपने विचार, सुझाव और नवाचार प्रधानमंत्री तक पहुंचाने के लिए ‘आइडिया बॉक्स’ की जानकारी दी गई। युवाओं से खेल, युवा विकास, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के निर्माण से जुड़े अभिनव विचार साझा करने का आह्वान किया गया।
इसके साथ ही ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ से संबंधित पोस्टर का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी कर नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में अमलतास संस्थान के चेयरमैन श्री मयंकराज सिंह भदौरिया, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा नामित नोडल अधिकारी श्री सागर वाधवानी, अमलतास विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. सलिल भार्गव, कुलपति डॉ. आर.के. सिंह, डीन डॉ. ए.के. पीठवा, निदेशक डॉ. प्रशांत, मार्केटिंग डायरेक्टर श्री अश्विन तंवर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री अंबाराम राजोरिया ने किया। आयोजन ने देवास के युवाओं को खेल, नेतृत्व, नवाचार और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान किया।