मुख्यमंत्री दौरे को लेकर नगर निगम अलर्ट, रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक बेहतर सफाई, सौंदर्यीकरण और लाइट व्यवस्था
निगम आयुक्त ने सफाई, स्ट्रीट लाइट, सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां
15 नवंबर की शाम को छठ पूजा घाट पर आएंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
यमुनानगर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के 15 नवंबर को छठ पर्व के प्रस्तावित दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शहर के निर्धारित रूट और कार्यक्रम स्थल को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों की ड्यूटियां निर्धारित कर दी हैं। इसके तहत सड़क किनारे सफाई, कचरा व मलबा हटाने, डिवाइडर और फुटपाथ की मरम्मत, रंग-रोगन, बागवानी, सौंदर्यीकरण तथा स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई है।
नगर निगम की ओर से रक्षक विहार से पंचायत भवन, पंचायत भवन से कमानी चौक, कमानी चौक से पुराना रादौर रोड फ्लाईओवर और फ्लाईओवर से कार्यक्रम स्थल तक के रूट को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर जेई की ड्यूटी लगाई गई है। इन क्षेत्रों में डिवाइडर, फुटपाथ और चौकों की मरम्मत व रंगाई-पुताई के साथ हरियाली और सौंदर्यीकरण के कार्य करवाए जाएंगे। वहीं, सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य सफाई निरीक्षकों को सौंपी गई है। रक्षक विहार से पंचायत भवन तक हरजीत सिंह, पंचायत भवन से विश्वकर्मा चौक तक अमित कांबोज और विश्वकर्मा चौक से कार्यक्रम स्थल तक विनोद बेनीवाल सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इन अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में सड़कों, सड़क किनारों और आसपास जमा कचरे व मलबे को हटवाने तथा बेहतर स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा रूट और कार्यक्रम स्थल पर स्ट्रीट लाइटों, बिजली उपकरणों और अन्य विद्युत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए भी जेई की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम स्थल पर बागवानी और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी कनिष्ठ अभियंता को सौंपी गई है।
-------------
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी ड्यूटी वाले क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से कार्यों की निगरानी करें। यदि कहीं कोई कमी दिखाई देती है तो उसे तुरंत दूर करवाया जाए। सभी कार्य मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पूरे करने होंगे। अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ मौके पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी। निगम ने इन सभी व्यवस्थाओं को अति आवश्यक एवं सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए हैं।
फोटो कैप्शन - कार्यक्रम स्थल पर सफाई करते नगर निगम कर्मचारी।
स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करते निगम कर्मी।