कपाल मोचन मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं, ऐतिहासिक महत्व को दर्शाने के लिए बनाया जाएगा भव्य म्यूजियम-धुमन सिंह किरमच
20 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा अंतरराज्यीय मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री 2026, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का उद्घाटन समारोह में पहुंचना प्रस्तावित
व्यासपुर /यमुनानगर 13 नवंबर - सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड हरियाणा के वाइस चेयरमैन धुमन सिंह किरमच ने मेला श्री कपाल मोचन क्षेत्र का दौरा कर मेले की तैयारियों एवं तीर्थ क्षेत्र के विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की और कहा कि अंतरराज्यीय मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री 2026 का आयोजन 20 नवंबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। मेले के उद्घाटन समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का पहुंचना प्रस्तावित है।
धुमन सिंह किरमच ने कहा कि मेले से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का उद्देश्य है कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल का समुचित विकास किया जाए।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन क्षेत्र का धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व अत्यंत प्राचीन है। इस क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और सरस्वती नदी से जुड़े तथ्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यहां एक भव्य म्यूजियम स्थापित करने की योजना है। इसके माध्यम से युवाओं और श्रद्धालुओं को इस पवित्र तीर्थ स्थल के इतिहास, प्राचीन सभ्यता तथा धार्मिक परंपराओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1887 में प्रकाशित भारत के प्रथम पुरातत्वविद की पुस्तक में भी कपाल मोचन का उल्लेख एक महत्वपूर्ण पवित्र तीर्थ स्थल के रूप में मिलता है, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु स्नान एवं दर्शन के लिए पहुंचते थे।
उन्होंने बताया कि धार्मिक ग्रंथों एवं ऐतिहासिक मान्यताओं में उल्लेख मिलता है कि सरस्वती नदी कपाल मोचन के तीनों पवित्र सरोवरों को भरने के बाद आगे प्रवाहित होती थी। इस क्षेत्र में सरस्वती नदी के तट पर अनेक ऋषि-मुनियों एवं संतों ने तपस्या की है। यह पूरा क्षेत्र सरस्वती नदी की प्राचीन धारा एवं चैनल से जुड़ा हुआ है। इस तीर्थ स्थल का विकास इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेले में लगाई जाने वाली प्रदर्शनी भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसमें प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि कपाल मोचन में ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र और गंगा घाट की तर्ज पर यहां भी आरती की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस आरती में बढ़-चढक़र भाग लें।
उन्होंने कहा कि पांच राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अंतरराज्यीय मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदिबद्री में पहुंचते हैं और यहां स्थित तीनों पवित्र सरोवरों में क्रमवार स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करते हैं। यह तीर्थ स्थल सरस्वती नदी के किनारे स्थित होने के कारण विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व रखता है।
इस अवसर पर मेला प्रशासक एवं एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल, पुलिस व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। मेले में भव्य ड्रोन शो का भी प्रदर्शन किया जाएगा। मेला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो।