कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित
...................
फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड पर करने के दिये निर्देश
बड़वानी 31 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में सोमवार आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रगतिरत कार्यों, राजस्व प्रकरणों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की समीक्षा
बैठक के दौरान कलेक्टर ने 29 अगस्त को सेंधवा के मोहनपड़ावा क्लस्टर अंतर्गत 13 ग्रामों में आयोजित शिविर के कार्यों की ग्रामवार समीक्षा की। उन्होंने शेष बचे कार्यों को आगामी 15 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को परस्पर समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए ताकि प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित हो सके। इस दौरान 29 अगस्त को ग्राम पंचायत डोंगरगांव में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन पर कलेक्टर द्वारा नोडल अधिकारी एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री रोनक सोलंकी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया
राजस्व एवं कृषि कार्य
कलेक्टर ने 1 सितंबर से प्रारंभ हो रहे सीसीआई द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कपास खरीदी हेतु किसानों के पंजीयन प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग को गिरदावरी कार्य शीघ्र पूर्ण करने, पीएम-किसान ई-केवाईसी में सुधार लाने तथा फार्मर रजिस्ट्री को मिशन मोड में बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आरसीएमएस पोर्टल पर नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए इन्हें तय समय-सीमा में निराकृत करने हेतु निर्देशित किया।
स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग
बैठक में बड़वानी, निवाली एवं सेंधवा क्षेत्रों में माइक्रो-प्लानिंग कर टीबी स्क्रीनिंग अभियान चलाने तथा कुष्ठ रोग नियंत्रण हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को आंगनबाड़ियों में आने वाले बच्चों का नियमित वजन कर सटीक डाटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग व मध्याह्न भोजन
विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरण (शेष प्रकरणों में) तथा पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। कलेक्टर ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए।
अन्य योजनाएं एवं वन अधिकार पट्टे
बैठक में वन अधिकार पट्टों के प्रकरणों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम आवास योजना तथा आजीविका मिशन, उद्यानिकी व स्वास्थ्य विभाग के अन्य घटकों की विस्तृत समीक्षा कर लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान विशेष रूप से राजपुर क्षेत्र की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर ध्यान केंद्रित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में नवागत जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेंद्र रावत सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी प्रत्यक्ष एवं अन्य मैदानी अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Badwani
1 views | Barwani, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026