समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक : 10 सितंबर 2026
*कोसी के बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी ने नाव से जलप्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण*
*आलमनगर में राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा कर प्रभावित परिवारों तक भोजन, खाद्यान्न एवं चिकित्सा सुविधा शीघ्र पहुंचाने के दिए निर्देश*
मधेपुरा। कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण आलमनगर प्रखंड के निचले एवं जलप्रभावित क्षेत्रों में उत्पन्न स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० ने आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को प्रभावित क्षेत्रों का नाव से भ्रमण कर जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अंचल आलमनगर अंतर्गत सोनामुखी, रतवारा, करेली एवं कपसिया सहित जलप्रभावित क्षेत्रों का नाव से भ्रमण किया। उन्होंने प्रभावित टोलों में जलस्तर, आवागमन, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जलप्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री एवं आवश्यक सेवाएं पूरी तत्परता, संवेदनशीलता एवं सुव्यवस्थित तरीके से पहुंचाई जाएं। किसी भी जरूरतमंद परिवार को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।
*मोबाइल मेडिकल एवं पशु चिकित्सा टीम लगातार भ्रमणशील*
जलप्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल मेडिकल टीम लगातार भ्रमणशील रहकर प्रभावित लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही है। वहीं, पशु चिकित्सा टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पशुओं के उपचार एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने दोनों टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
*घर-घर पहुंचाया जा रहा खाद्यान्न, सामुदायिक रसोई की व्यवस्था*
प्रभावित परिवारों को जन वितरण प्रणाली के माध्यम से घर-घर खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, आवश्यकतानुसार प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई के माध्यम से पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जलप्रभावित परिवारों को भोजन के लिए कठिनाई का सामना न करना पड़े।
*उदाकिशुनगंज में राहत सामग्री की पैकिंग व्यवस्था का पुनः निरीक्षण*
जलप्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री शीघ्र एवं व्यवस्थित रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा उदाकिशुनगंज में फूड पैकेजिंग एवं सूखे खाद्य पदार्थों की पैकिंग के लिए की जा रही तैयारियों का पुनः निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने राहत सामग्री की पैकिंग व्यवस्था, गुणवत्ता, पैकेजिंग प्रक्रिया, सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण की तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत सामग्री की पैकिंग सुव्यवस्थित एवं मानक के अनुरूप हो तथा पैकेट तैयार होने के बाद उन्हें बिना अनावश्यक विलंब के चिन्हित जलप्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्री की पैकिंग एवं वितरण के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री तैयार रखी जाए। साथ ही, वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं प्राथमिकता का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की इस परिस्थिति में जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, त्वरित राहत एवं आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना है। प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी पूरी तत्परता के साथ क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें और आवश्यकता के अनुरूप तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar