*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
जीविका, मधेपुरा के सौजन्य से
*मुस्कान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की 5वीं वार्षिक आम सभा आयोजित*
*वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखा-जोखा, उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना पर हुई विस्तृत चर्चा*
मधेपुरा, 10 सितंबर 2026।
मुस्कान जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, बिहारीगंज, मधेपुरा की 5वीं वार्षिक आम सभा का आयोजन आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को महर्षि मेंहीं विवाह भवन, गैमेल रोड, बिहारीगंज में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी एवं समिति के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी ने जीविका दीदियों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से अधिकाधिक जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के लिए स्वरोजगार तथा विभिन्न आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने जीविका दीदियों से उपलब्ध अवसरों एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपनी आय में वृद्धि करने तथा परिवार एवं समाज के आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
*वार्षिक लेखा-जोखा एवं उपलब्धियों की समीक्षा*
वार्षिक आम सभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखा-जोखा का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसके साथ ही समिति द्वारा वर्षभर संचालित विभिन्न गतिविधियों, उपलब्धियों एवं प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। समिति की आगामी कार्ययोजना पर भी सदस्यों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा समिति को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव प्राप्त किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आजीविका गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल हुई है, बल्कि परिवार में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
*महिला सशक्तीकरण से आत्मनिर्भरता की ओर*
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि संगठित होकर कार्य करने से महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने और समाज के समावेशी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं को वित्तीय सेवाओं, स्वरोजगार एवं विभिन्न आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में समिति की अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी, समिति की सदस्य जीविका दीदियां तथा जीविका टीम के कर्मियों की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश
“ *संगठित महिला, समृद्ध समाज।”*
*“जीविका से जुड़ें, आजीविका बढ़ाएं और आत्मनिर्भर बनें।”*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar