प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
जोगिंदर नगर, उमेश कुमार।
राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय, जोगिंदर नगर में विद्यार्थियों को यूपीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से मंगलवार को दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला का आयोजन नींबस अकैडमी, चंडीगढ़ और महाविद्यालय के करियर काउंसलिंग और प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय मुल्थान, राजकीय महाविद्यालय लड़भड़ोल और राजकीय महाविद्यालय पधर के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से सम्मिलित हुए।
कार्यशाला के दौरान नींबस अकैडमी, चंडीगढ़ से पहुंचे विशेषज्ञ श्री जीवेश एवं श्री दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों के साथ यूपीएससी तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री, प्रश्न-पत्रों के स्वरूप, परीक्षा की रणनीति तथा प्रभावी तैयारी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए योजनाबद्ध एवं निरंतर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
करियर काउंसलिंग के समन्वयक श्री नवीन सूद ने बताया कि वर्तमान समय में प्रतियोगिता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय रहते प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध करवाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश से आने वाले विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं विशेष रूप से उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और परीक्षा की तैयारी की सही दिशा समझने का अवसर मिलता है।
कार्यशाला में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दो दिवसीय कार्यशाला के आगामी सत्रों में भी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।