डोहग 14 सितंबर से 24 सितंबर तक मनाया जाएगा श्री गणेश महोत्सव
जोगिंदर नगर/सुनील कुमार।
गणपति बप्पा की भव्य शोभा यात्रा से हुआ उत्सव का आगाज
जोगिंद्रनगर। सत्ती माता मंदिर, ग्राम डोहग (तहसील जोगिंद्रनगर) में इस वर्ष श्री गणेश महोत्सव का आयोजन 14 सितंबर से 24 सितंबर 2026 तक धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उत्सव का आगाज गणपति बप्पा की भव्य शोभा यात्रा से हुआ।
आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन शाम 7 बजे भगवान श्री गणेश जी की आरती होगी। इसके पश्चात रात 10 बजे तक भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष गणेश प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाएगा, बल्कि भगवान श्री गणेश जी के लिए मंदिर का स्थायी रूप से निर्माण किया जा रहा है।
गणेश चतुर्थी के शुभदिन 14 सितंबर 2026 को गणपति बप्पा की मूर्ति का हवन-पूजन के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया। इससे पूर्व सुबह 9 बजे सतती माता मंदिर, डोहेड़ा से गणपति महाराज की भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकाली गई। नगर भ्रमण के उपरांत गणपति महाराज की मूर्ति को स्थायी रूप से बनाए जा रहे गणेश मंदिर में स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भगवान श्री गणेश जी के भोग-प्रसाद का वितरण भी किया गया।
मंदिर संचालक महंत गिरधर गिरी जी महाराज (श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा) ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। हवन में बैठने के इच्छुक यजमानों से कम से कम एक दिन पहले संपर्क करने का आग्रह किया गया है।