🚨बाजपुर में भीषण ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, सूचना मिलते ही किसानों के बीच पहुंचे CM धामी
हल्द्वानी से देहरादून लौटते समय बदला हेलीकॉप्टर का रुख, प्रभावित खेतों का हवाई सर्वेक्षण कर किया स्थलीय निरीक्षण
बाजपुर, 9 अक्टूबर। उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्र का रुख किया और मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री धामी उस समय हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलने पर उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।
बाजपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने पहले ओलावृष्टि प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में उतरकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया और किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल और विस्तृत आकलन किया जाए। उन्होंने प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को नुकसान के आकलन से लेकर राहत वितरण तक सभी प्रक्रियाएं तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी करने तथा प्रभावित किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
Dehradun, Dehradun | Oct 9, 2026