सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: सोनपुर अंचल कार्यालय के बूथ को बदलने का प्रस्ताव पारित,
पंचायत सरकार भवन दुधैला में बनेगा नया मतदान केंद्र
छपरा 26 सितंबर 2026
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंचल कार्यालय, सोनपुर में अवस्थित मतदान केंद्र को बदलने के लिए सारण समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संपन्न हुई।
बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि वर्तमान अंचल कार्यालय भवन नवनिर्माण कार्य के कारण टूट चुका है। ऐसी स्थिति में, इसके विकल्प के तौर पर पंचायत सरकार भवन, दुधैला में नया बूथ बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया।
अधिकारियों ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्र संबंधित क्षेत्र से 16 किलोमीटर के दायरे में होना अनिवार्य है। प्रस्तावित नया स्थान पूर्व के बूथ से मात्र पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और यह मतदाताओं की पहुंच के लिए अधिक सुलभ भी है।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने इन सभी बिंदुओं पर विचार करने के बाद अपनी सहमति जताते हुए इस प्रस्ताव को पारित कर दिया। तदुपरांत, जिलाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल को यह निर्देश दिया कि वे इस प्रस्ताव को निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त के पास प्रेषित करें, ताकि भारत निर्वाचन आयोग से आवश्यक सहमति प्राप्त करने की कार्रवाई पूरी की जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, कांग्रेस के फिरोज इकबाल, जदयू के प्रभाष शंकर, लोजपा (रा) के मृत्युंजय कुमार, सीपीआई एमएल के अखिलेश कुमार एवं रालोसपा के डाॅ अशोक कुशवाहा उपस्थित थे.
5 views | Saharsa, Bihar | Sep 26, 2026