*ऑपरेशन जीवन ज्योति के तहत गांव हड़ौली में नशामुक्ति शिविर आयोजित, 11 नशा पीड़ितों की काउंसलिंग*
*– सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग के सहयोग से लगाया शिविर, 2 नए नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा, पूर्व में चिन्हित 9 पीड़ितों को भी उपलब्ध करवाई दवाइयां*
*– सीएचसी रतिया में उपचाराधीन नशा पीड़ितों की भी काउंसलिंग, नियमित उपचार जारी रखने के लिए किया प्रेरित*
फतेहाबाद, 16 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे *ऑपरेशन जीवन ज्योति* के तहत नशा पीड़ितों को उपचार, काउंसलिंग एवं जागरूकता के माध्यम से नशामुक्त जीवन की ओर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत उपनिरीक्षक सुंदर लाल के नेतृत्व में फतेहाबाद पुलिस की नशामुक्ति टीम ने आयुष विभाग के सहयोग से गांव हड़ौली में विशेष नशामुक्ति शिविर का आयोजन किया।
शिविर के दौरान नशामुक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सुंदर लाल की टीम ने 2 नए नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा, जबकि पूर्व में चिन्हित 9 नशा पीड़ितों की भी काउंसलिंग की गई। इस प्रकार शिविर में कुल 11 नशा पीड़ितों को परामर्श प्रदान करने के साथ-साथ आयुष विभाग के सहयोग से आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। टीम ने पीड़ितों को नशे से दूर रहने, नियमित उपचार जारी रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के तहत नशामुक्ति टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतिया में दाखिल नशा पीड़ितों की भी काउंसलिंग की। टीम ने उनसे बातचीत कर नियमित उपचार जारी रखने, चिकित्सकों की सलाह का पालन करने तथा नशे से पूरी तरह छुटकारा पाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ प्रयास करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही उन्हें समझाया गया कि नशे से मुक्ति के लिए उपचार के साथ-साथ परिवार का सहयोग और स्वयं की इच्छाशक्ति भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपेक्षित करने के बजाय उन्हें उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देकर इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़कर उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की ओर लौटाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशामुक्त फतेहाबाद के निर्माण के लिए पुलिस का सहयोग करें तथा युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
Uklana, Hissar | Oct 16, 2026