जमुई: क्यूआर कोड भेज कर लोगों को बनाता था ठगी का शिकार, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जमुई पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिसका संचालन पाकिस्तानी नंबरों के जरिये हो रहा था। तकनीकी शाखा और साइबर थाने की संयुक्त टीम ने टाउन थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव से सुरेश मंडल के पुत्र वीरू कुमार नामक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के मोबाइल की प्रारंभिक जांच में उसके बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से कुल 37 लाख 40 हज़ार रुपये की ठगी की शिकायतें सामने आई हैं। साथ कई संदिग्ध एकाउंट नंबर का भी खुलासा हुआ है और अबतक इस ठगी में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। उक्त जानकारी गुरुवार की शाम 4:30 बजे डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी है।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसपी विश्वजीत दयाल के निर्देश पर वीरू को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद हुए हैं। जब उसका मोबाइल खंगाला गया, तो उसमें कई फर्जी ट्रांजेक्शन, बैंक स्टेटमेंट और म्यूल खातों (किराए के बैंक खाते) के ढेरों क्यूआर (QR) कोड के पुख्ता सुबूत मिले। वीरू इस गिरोह में ठगी की रकम को ठिकाने लगाने वाली चेन का अहम मोहरा था।
आरोपित से पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पुलिस महकमे के भी कान खड़े कर दिए हैं। वीरू ने कबूल किया कि इस पूरे नेक्सस में उसे पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से विभिन्न बैंक खातों के क्यूआर कोड भेजे जाते थे। उसका एक सहयोगी हरियाणा में रहता है, जो इस नेटवर्क का हिस्सा है। वीरू का काम इन पाकिस्तानी नंबरों से आए क्यूआर कोड को आगे संबंधित लोगों तक पहुंचाना था। इसके बाद साइबर ठगी की रकम उन खातों में जमा कराई जाती थी और पैसा पहुंचने की रसीद वापस उसी माध्यम से सरगना तक भेज दी जाती थी। फिलहाल गिरफ्तार वीरू से गहन पूछताछ की जा रही है। इस मामले में कई अन्य खुलासा होने की भी संभावना है। #jamuitopnews #Crime #jamuibihar #CrimeNews #cybercrime #jamuiPolice Part 5
Jamui, Jamui | Jul 24, 2026