एक तरफ लोग बाढ़ जैसी मुसीबतों से जूझ रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ दरवाजे पर से मोटरसाइकिल गायब होने का मामला सामने आया है। यह घटना बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत फतेहा पंचायत के वार्ड संख्या 11 गोनूचक भीठ गांव की है। जहां रामबली ठाकुर के दरवाजे पर खड़ी 160 सीसी की अपाचे मोटरसाइकिल गायब हो गई।
इसको लेकर दादूपुर पंचायत के नया टोल भगवानपुर दियारा निवासी टीपू राय के पुत्र सुशील कुमार ने बछवाड़ा थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि वे बाढ़ से प्रभावित हैं और आने-जाने के रास्ते बंद हो चुके हैं। इसी वजह से अपनी मोटरसाइकिल 160 सीसी अपाचे BR09AZ4052 शनिवार शाम को फतेहा पंचायत के गोनूचक भीठ गांव में अपने दोस्त रामबली ठाकुर के बेटे विक्रम कुमार के दरवाजे पर खड़ी कर दी थी और ड्यूटी पर चले गए।
जब रविवार सुबह लगभग 8 बजे अपनी मोटरसाइकिल लेने गए, तो देखा कि वह गायब थी। उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने मोटरसाइकिल गायब होने की सूचना बछवाड़ा पुलिस को दी।
इस मामले में थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि दरवाजे पर से मोटरसाइकिल गायब होने को लेकर आवेदन मिला है। उन्होंने कहा कि मिले आवेदन के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही इस मामले का उद्भेदन किया जाएगा।
Bachhwara, Begusarai | Sep 7, 2026