बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रसीदपुर पंचायत के गोयला चौड़ में रविवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे के बाद इलाके में हलचल मच गई और देखने वालों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोग दोनों को दलसिंहसराय के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और दूसरे को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों के चीख और पुकार से इलाके में मातम छा गया।
मृतक की पहचान रसीदपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 रचियाही गांव निवासी रामचंद्र महतो के 32 वर्षीय पुत्र राम भजन महतो के रूप में हुई है और घायल युवक मृतक के बड़े भाई 37 वर्षीय अमरजीत कुमार है।
स्थानीय गंगा प्रसाद महतो ने बताया कि दोनों भाई गोयला चौड़ में मजदूरों के साथ अपने खेत में प्याज लगाने गए थे और बारिश शुरू होने पर मजदूर वहां से चले गए, लेकिन दोनों भाई वहीं रुक गए। इसी दौरान बिजली गिरने से राम भजन महतो की मौके पर ही मौत हो गई और अमरजीत कुमार घायल हो गया।
मृतक और उनके परिजन खेती पर आश्रित थे और उसी से जीवन यापन होता था। राम भजन की दो बेटियां हैं, जिनमें एक 3 साल की और दूसरी 9 महीने की है। इस दुखद हादसे से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि बिजली गिरने से एक युवक की मौत हुई है और उनके बड़े भाई घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि दलसिंहसराय अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दलसिंहसराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया है।
Bachhwara, Begusarai | Sep 6, 2026