*जींद पुलिस कि बड़ी कार्यवाही*
*कसूहन हत्या मामले 6 और आरोपी गिरफ्तार* ।
*एक महिला आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है*
*अब तक कुल सात आरोपी गिरफ्तार*
पुलिस अधीक्षक जींद श्रीमती उपासना के कुशल मार्गदर्शन में तत्परता से कार्रवाई करते हुए जींद पुलिस ने गांव कसूहन में हुए हत्या के मामले में एक महिला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
पत्रकार वार्ता के दौरान मामले की जानकारी देते हुए उप पुलिस अधीक्षक श्री राजीव मिगलानी ने बताया कि दिनांक 18.11.2026 को उचाना थाना पुलिस को नागरिक अस्पताल जींद से सूचना मिली कि गांव कसूहन निवासी राजू को लड़ाई-झगड़े में लगी गंभीर चोटों के कारण मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है, जबकि तीन अन्य घायल—नवाब, शंकर व कृष्ण—उपचाराधीन हैं ।
सूचना मिलते ही थाना उचाना से पुलिस टीम तुरंत नागरिक अस्पताल जींद पहुंची। वहां उपचाराधीन शिकायतकर्ता नवाब निवासी कसूहन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 नवंबर की सुबह करीब 05:00 बजे पुलिस किसी मामले की पूछताछ के लिए राहुल व गौरव को साथ ले गई थी । इसी बात को लेकर आरोपियों को संदेह था कि शिकायतकर्ता के पिता कृष्ण ने पुलिस को उनकी मुखबरी की है ।
इसी रंजिश के चलते 18 नवंबर की शाम को आरोपियों—रमेश, विजय, सावन, बलराम उर्फ जोन, जसबीर, राहुल, गौरव उर्फ गौरू, विशाल, विकास, विक्रम, दिलबाग तथा ममता सभी वासियान कसूहन ने लाठियों व गंडासों से हमला कर उसके भाई शंकर, पिता कृष्ण व चाचा राजू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन जब राजू को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद लेकर पहुंचे, तो चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया।
शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना उचाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), 190, 191(3), 333 तथा 351(3) के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जींद के निर्देशानुसार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए 6 आरोपियों—, *विजय, सावन, जसबीर, गौरव, विशाल व विकास* वासियान कसूहन को गिरफ्तार किया गया है। जबकि महिला आरोपी ममता को पहले ही उचाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जाकर माननीय अदालत में पेश कर आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधीक्षक जींद ने आमजन से अपील की है कि आपसी रंजिश, शक या किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित करें। हिंसक घटनाओं और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध जींद पुलिस द्वारा सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर है।
Uklana, Hissar | Nov 20, 2026